बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के चलते पूरे जिले की सीमाओं पर सख्त पहरा है और हाई अलर्ट है लुटेरों की यह घटना बताती है कि बदमाश कितने बेखौफ होते जा रहे हैं। कहने को तो स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर हाईअलर्ट पर है। ऐसे में दो बदमाश पुलिस जवानों पर बेखौफ फायरिंग कर कब फरार हो गए पुलिस को पता भी नहीं लगा। इसके बाद नाकाबंदी कर पुलिस उनको पकड़ भी नहीं पाई।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
ग्वालियर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बेखौफ बदमाशों ने पुलिस जवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चेन लूटने आए बदमाशों को जब आरक्षक ने पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पहले दो हवाई फायर किए। इसके बाद एक गोली पुलिसकर्मी के पैरों पर चलाई। गोली पैर में लगने से सिपाही घायल हो गया है। फायरिंग करने के बाद बदमाश फरार हो गए हैं। घटना शनिवार रात गोला का मंदिर में बिड़ला हॉस्पिटल के पास की है।
घायल पुलिसकर्मी को जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, सिपाही की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सिपाहियों की बहादुरी पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इनाम देने और सम्मानित करने की बात कही है।
सिपाहियों के साहस से टली बड़ी घटना
पुलिस जवान अजय प्रताप सिंह और जितेन्द्र सिंह के साहस की बदौलत शनिवार रात एक बड़ी वारदात टल गई है। दोनों वहां नहीं होते तो बदमाश महिलाओं से गहने तो लूटते ही साथ ही कोई और भी वारदात को अंजाम दे सकते थे।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के बिरला अस्पताल के पास बने ब्रिगेडियर चौराहे से शनिवार देर शाम दो युवतियां जा रही थी। तभी अचानक बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवती के गले से हथियार की नोक पर सोने की चेन लूटने की कोशिश की, तभी वहां से पुलिस की एक पेट्रोलिंग टीम निकल रही थी, पुलिस को आता देख लुटेरे घबरा गए। लूट की वारदात को देख पुलिस के सिपाही जितेंद्र सिंह और अजय प्रताप सिंह भदौरिया लुटेरों के पीछे लग गए और उन्हें पकड़ने की कोशिश करने लगे तभी बदमाशों ने देसी कट्टे से पुलिस के जवानों पर गोली चला दी, बदमाशों की गोली सिपाही अजय प्रताप के पैर में जा लगी और मौके का फायदा उठाते हुए बदमाश वहां से भाग निकले।
गोली लगने से सिपाही अजय प्रताप सिंह भदौरिया घायल हो गया उसको साथी पुलिस कर्मी जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर भागे और घायल सिपाही का इलाज कराया। सिपाही की हालत खतरे सर बाहर बताई गई है। घटना की सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारी घायल सिपाही को देखने अस्पताल पहुंचे। सीएसपी रत्नेश सिंह तोमर का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश और पहचान की जा रही है, साथ ही लूट की वारदात को नाकाम करने वाले सिपाहियों को उनकी बहादुरी के लिए इनाम दिया जायेगा।
