इंदौर/मध्यप्रदेश।
इंदौर में एसएएफ में 15वीं बटालियन में पदस्थ ज्योतिप्रसाद शर्मा और उनकी पत्नी नीलम शर्मा की धारधार हथियार से गोद कर हत्या कर दी गई। घटना का पता गुरुवार की सुबह चला, जब दंपती के कमरे का देर तक दरवाजा नहीं खुला तो अंदर झांकने पर दोनों लहूलुहान अवस्था में कमरे में पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। प्रथम दृष्टया घटना के बाद मृत दंपती की नाबालिग बेटी गायब मिली है। इसलिए पुलिस को नाबालिग बेटी के दोस्त पर हत्या का शक है। रुकमणी नगर और आसपास के क्षेत्रों में जैसे ही दोहरी हत्या का पता चला। वैसे ही सनसनी फैल गई। हर कोई हत्या के पहलुओं की जानकारी पाने में लग गया है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित रुक्मणी नगर की है। पुलिस के मुताबिक ज्योति प्रसाद और नीलम सुबह जल्द उठ जाते थे लेकिन गुरुवार की सुबह जब उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो दंग रह गई। ज्योति और उनकी पत्नी लहुलूहान अवस्था में मिले। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन दंपती को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद मृत दंपती की नाबालिग बेटी गायब मिली। पुलिस को शक है कि कहीं नाबालिग बेटी के दोस्त ने तो इस घटना को अंजाम नहीं दिया। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच करके घटनाक्रम तक पहुंचने की कोशिश में लगी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज लेकर भी मामले को सुलझाने में लगी हुई है।
घर में मिले बेटी के पत्र में पिता पर मां के सहयोग से दुष्कर्म का आरोप लगाया

पुलिस जांच में पता चला कि हत्याकांड को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। आरोपित और दंपती के बीच जमकर संघर्ष के निशान भी मिले। दंपती के शवों पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले। शवों के साथ छेड़छाड़ की बात भी सामने आई है।
पुलिस अधिकारी उस समय सकते में आ गए जब उन्हें नाबालिग बेटी का पत्र भी मिला। जिसमें उसने पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पत्र में लिखा है कि मां के सहयोग से पिता दुष्कर्म करता था। मैं अब घर छोड़कर जा रही हूं। मुझे तलाशने की कोशिश मत करना। पत्र मिलने के बाद पुलिस को पूछताछ में पता चला कि नाबालिग बेटी का पूर्व उपसरपंच धनंजय से प्रेम-प्रसंग था। इसके बाद पुलिस का हत्याकांड में धनंजय के शामिल होने की बात पुख्ता हो गई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
