HomeBreaking Newsचौकी में युवक की पिटाई से भड़के लोगों ने पुलिस पर पत्थर...

चौकी में युवक की पिटाई से भड़के लोगों ने पुलिस पर पत्थर बरसाए,ASP समेत कई पुलिसकर्मी घायल

उत्तर प्रदेश के बलिया में गुरुवार को पुलिस स्टेशन में युवक की कथित तौर पर हुई पिटाई से गुस्साई भीड़ ने जमकर बबाल काटा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के विरोध में चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया इस दौरान जाम खुलवाने पहुंची पुलिस फोर्स पर भीड़ ने पथराव कर दिया।

बलिया/उत्तरप्रदेश।

उत्तरप्रदेश के बलिया जिले में हालत उस समय बिगड़ गए जब चौकी में पुलिसकर्मियों ने एक युवक की पिटाई कर दी। दरअसल, इस मामले में पुलिस की पिटाई के खिलाफ धरना दे रहे लोगों को हटाने के लिए पुलिस ने जब बल प्रयोग किया तो इनका गुस्सा चरम पर चढ़ गया। भड़के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पथराव में एएसपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने 42 व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद व 60 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक,बलिया के रसड़ा में गुरुवार को गुस्साई भीड़ ने जमकर बवाल काटा। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस चौकी को निशाना बनाया। दरअसल,
बलिया रसड़ा के लोग पुलिस की गतिविधियों से नाराज थे। इसी दौरान पन्ना राजभर (35) निवासी धोबई पारिवारिक मामले को लेकर चौकी पर गया हुआ था। आरोप है कि चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार व दीवान राजबलि ने राजभर की लाठी- डंडे से पिटाई कर दी। इसकी खबर पाते ही उसके गांव के महिला व पुरूष लाठी-डंडा लेकर कोटवारी मोड़ पर पहुंच गए। यहां पर पुलिस विरोधी नारे लगाते हुए यातायात ठप कर दिए।
जाम हटाने के लिए पहुंची पुलिस और भीड़ का आमना-सामना हो गया। पुलिस ने इस दौरान जाम हटाने के लिए लाठीचार्ज किया तो भीड़ हिंसक हो उठी। इसके बाद पथराव शुरू हो गया। पथराव में एएसपी संजय कुमार समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। भड़के लोग इसके बाद भी नहीं रुके और उन्होंने अस्थाई चौकी में तोड़फोड़ करने के साथ एसडीएम की गाड़ी में तोड़फोड़ की। साथ ही वहां खड़ी दर्जनों बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद पुलिस की टीम ने भी धरना दे रहे लोगों पर जमकर लाठी भांजी हैं और कई लोगों को काफी चोट भी आई है। मौके पर जिले के लगभग सभी थानों की फोर्स और पीएसी को बुला लिया गया था।

कई लोगों पर केस दर्ज

मामले में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने शुक्रवार को बताया कि रसड़ा कस्बे में गुरुवार को अस्थायी पुलिस चौकी में तोड़फोड़, वाहनों को क्षतिग्रस्त करने व पथराव के मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में 42 व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद व 60 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लापरवाही बरतने के सबंध में चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वीडियो देखें

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!