भोपाल/मध्यप्रदेश।
भोपाल में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ने के चलते शहर में रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक व रविवार के दिन कर्फ्यू लागू किया गया है, लेकिन यहां पर लगातार एक के बाद एक होटलों में पार्टी करने के किस्से सुनने में आ रहे हैं। लगातार सख्ती के बावजूद प्रदेश में खुले तौर पर नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाई जा रही है। रईसजादे नाइट पार्टी करते पकड़े जा रहे हैं। जिसके कई मामले अब तक सामने आ चुके हैं।
इसी बीच रविवार को लॉकडाउन के दिन हुक्का बार में चल रही पार्टी के दौरान पुलिस ने छापेमारी कर लाउंज के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस को देख हुक्का गुड़गुड़ा रहे कई युवक-युवतियां दीवार फांदकर भाग गए। पुलिस के पहुंचते ही वहां पर हड़कंप मच गया और युवक-युवतियां वहां से भाग निकले। हालांकि पुलिस ने लाउंज के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक भोपाल के बैरागढ़ के मोक्ष लाउंज में एक हुक्का बार है। रविवार की रात कई युवक युक्तियां पार्टी कर रहे थे। इस दौरान लाउंज का मालिक भी उस पार्टी में मौजूद था प्रदेश में रविवार को पूर्ण लॉकडाउन घोषित किया गया है। इसके बावजूद लॉकडाउन में भी हुक्का बार और पब कैसे खुल रहे हैं। यह पुलिस पर भी एक बहुत बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। जिसके बाद पुलिस ने लाउंज पर छापेमारी की और लाउंज के मैनेजर को गिरफ्तार किया। हालांकि पार्टी कर रहे युवक-युवतियां वहां से फरार हो गए लाउंज संचालक राहुल पर लॉकडाउन उल्लंघन सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है वहीं हुक्का बार में पार्टी करने वाले युवक-युवतियों की पूछताछ जारी है।
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब इस तरह की गतिविधि सामने आई है। इससे पहले भी रईसजादों की शराबखोरी और अय्याशी के कई हाईप्रोफाइल मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले ही भोपाल के ग्रीन फील्ड विला में शराब पार्टी संचालित की गई थी जहां पुलिस ने दबिश देते हुए 5 लड़कियों सहित 16 आरोपियों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया था।पुलिस द्वारा उन पर लॉकडाउन शर्तों का उल्लंघन सहित आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
कांग्रेस नेता के मॉल में चल रही थी पार्टी
वहीं कुछ दिनों पहले कांग्रेस नेता के मॉल से तीन दर्जन से अधिक रंगीन मिजाज युवक और युवतियां शराब के नशे में नाच रहे थे। कर्फ्यू के दौरान रात 12.30 बजे यह लेटनाइट पार्टी चल रही थी। इनमें ‘हनी ट्रैप’ से जुड़ी युवती और कई अपराधों में लिप्त लोग भी शामिल थे। शाहपुरा पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मिलकर यहां छापामार कार्रवाई की, जिसमें 26 लड़के और 7 लड़कियों को देर रात तक शराब के नशे में झूमते हुए पकड़ा है।
