HomeBreaking Newsक्राइम ब्रांच ने ढाई लाख के इनामी मिर्ची गैंग के सरगना आशु...

क्राइम ब्रांच ने ढाई लाख के इनामी मिर्ची गैंग के सरगना आशु को दबोचा,भेष बदलकर फल बेच रहा था

मेरठ/उत्तरप्रदेश।

पश्चिमी यूपी के कुख्यात बदमाश और मिर्ची गैंग के सरगना आशु जाट को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। काजीपुर,मसूरी गाजियाबाद के रहने वाले कुख्यात बदमाश पर ढाई लाख का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि आशू भेष बदलकर मुंबई में रह रहा था। उसने अपनी दाढ़ी बढ़ा ली थी और वह जोगेश्वरी इलाके में फल बेचने का काम कर रहा था। कई आपराधिक मामलों में वांछित आशु पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। STF के साथ-साथ मेरठ से लेकर गाजियाबाद,बागपत,मथुरा और नोएडा की पुलिस पिछले लंबे वक्त से उसकी तलाश कर रही थी। आशु जाट उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हुए चर्चित गौरव चंदेल हत्याकांड में मुख्य आरोपी है। इसके अलावा हापुड़ के बीजेपी नेता राकेश शर्मा हत्याकांड में भी आशु शामिल था। उस पर एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने मिर्ची गैंग के जरिए लूट, हत्या और कार जैकिंग की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।

भेष बदलकर फल बेच रहा था कुख्यात अपराधी

पुलिस की गिरफ्त में दुर्दांत आरोपी

मुंबई के डीसीपी (क्राइम) अकबर पठान ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच के साथ यूपी पुलिस ने बीते हफ्ते आशू के वहां छिपे होने की जानकारी साझा की थी। इसके बाद अपराध शाखा (यूनिट-XI) के इंस्पेक्टर सुनील माने और सब इंस्पेक्टर शरद जीने तीन दिन तक अपने स्टाफ के साथ सब्जी विक्रेता के रूप में रहे। माने ने बताया कि आशू ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया था और वह इरला मार्केट में फल बेच रहा था। यूपी पुलिस ने उसकी तस्वीर भेजी थी लेकिन वह काफी पुरानी थी। फिलहाल, वह काफी बदल चुका था।

क्या है पूरा मामला

कुख्यात आरोपी का पुराना फ़ाइल फोटो

प्राप्त जानकारी के अनुसार,मिर्ची गैंग का आतंक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में है। ये गैंग मेरठ, गाजियाबाद, बागपत समेत कई जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। आशु से पहले मिर्ची गैंग का सरगना उसका भाई भोलू जाट था। भोलू के जेल जाने के बाद आशु ने गैंग की कमान संभाल ली थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मिर्ची गैंग में करीब 80 सदस्य हैं और लूट, हत्या तथा छिनैती की वारदातों को अंजाम देते हैं। मिर्ची गैंग चलाने वाले आशु सिंह के खिलाफ एक जनवरी 2014 से लेकर अब तक पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुल 19 संगीन मामले दर्ज हैं। मुंबई पुलिस के अनुसार गैंगस्टर ने सबसे ज्यादा करीब 11 आपराधिक वारदातें हापुड़ में अंजाम दी हैं।

गौरव चंदेल हत्याकांड में पत्नी और साथी हो चुका है गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के चर्चित गौरव चंदेल मर्डर केस में आशु जाट की पत्नी पूनम, उसके साथी उमेश की गिरफ्तारी हो चुकी है। हापुड़ पुलिस ने 26 जनवरी 2020 को दिल्ली से दोनों को गिरफ्तार किया था। लेकिन आशु जाट उस वक्त फरार हो गया था। आशु जाट ने 6 जनवरी 2020 की रात गौरव चंदेल की हत्या कर उनकी गाड़ी, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लूट लिया था।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!