HomeBreaking Newsकरवाचौथ व्रत के बीच बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने पहुँची IPS...

करवाचौथ व्रत के बीच बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने पहुँची IPS अधिकारी,आईपीएस पति ने ऐसे किया सैल्यूट

करवाचौथ पर IPS पति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पत्नी द्वारा रखे गए कठोर उपवास को लेकर अपनी भावनाएं प्रकट की है। दरअसल, दोनों पति-पत्नी आईपीएस अधिकारी (IPS officer) हैं। करवा चौथ के व्रत पर उपवास करने के बावजूद जैसे ही इस महिला अधिकारी को पता चला कि एक मासूम बच्चा बोरवेल में गिर गया है, वो बिना कुछ सोचे तुरंत मौके पर पहुंच गईं और अपनी ड्यूटी में लग गई।


भोपाल/मध्यप्रदेश।

करवाचौथ के दिन हर सुहागिन अपने पति की लंबी उम्र की कामना करने के लिए कठिन व्रत रखती है। दिन भर अन्न-जल ग्रहण न कर शाम को चांद का दीदार करने के बाद पति के हाथ से करवाचौथ का व्रत तोड़ा जाता है। लेकिन मध्यप्रदेश की एक महिला एसपी ने करवाचौथ के दिन न केवल करवाचौथ का व्रत बल्कि अपने पति के जन्मदिन की खुशियां अपने कर्तव्य पथ के लिए किनारे कर दीं। पारिवारिक कर्तव्य से पहले ड्यूटी के फर्ज को
निभाने वालीं इन महिला आईपीएस का नाम है वाहिनी सिंह। आईपीएस वाहिनी सिंह अभी निवाड़ी जिले की एसपी हैं और जिले में बोरवेल में गिरे पांच साल के मासूम प्रहलाद की जिंदगी को बचाने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू की कमान संभाल हुए हैं।

करवाचौथ पर श्रृंगार छोड़ तुरंत ही वर्दी पहनी

करवाचौथ और पति का जन्म दिन एक साथ होना एसपी वाहिनी सिंह के लिए काफी खुशी का दिन था लेकिन संयोगवश इसी दिन सुबह निवाड़ी जिले के सेतपुरा गांव से एक ऐसी खबर आई जिसे सुनने के बाद एसपी वाहिनी सिंह तुरंत सुहागिन का श्रृंगार छोड़ तुरंत ही वर्दी पहनकर अपनी ड्यूटी पर पहुंच गईं। खबर थी मासूम प्रहलाद के 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरने की। जहां दिनभर रेस्क्यू ऑपरेशन चला और एसपी वाहिनी सिंह की अगुवाई में मासूम बच्चे की जिंदगी बचाने के लिए काम चलता रहा। धूप और धूल के बीच भी एसपी वाहिनी सिंह ने अपने करवाचौथ के व्रत को टूटने नहीं दिया और न ही अपने काम पर इसका कोई असर आने दिया। रात करीब 9 बजे पति नागेन्द्र सिंह जो खुद आईपीएस हैं मौके पर पहुंचे और ड्यूटी पर डंटी पत्नी एसपी साहिबा को सड़क किनारे चांद दिखाकर बोतल से पानी पिलाकर उनका व्रत खुलवाया। एसपी वाहिनी सिंह ने बताया कि करवाचौथ और पति के जन्मदिन के लिए उन्होंने खास प्लानिंग की थी लेकिन जब बच्चे की खबर मिली तो वो तुरंत सबकुछ छोड़कर अपनी ड्यूटी पर आ गईं और कर्तव्य में जुटे-जुटे उन्हें न तो भूख का एहसास हुआ और न ही प्यास का।

पत्नी के लिए IPS पति का भावुक पोस्ट

एसपी वाहिनी सिंह के ड्यूटी के प्रति समर्पण को उनके पति आईपीएस नागेन्द्र सिंह ने भी सेल्यूट किया है। सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है “कल करवा चौथ था और मेरा जन्मदिन भी, बड़े दिनों के बाद मुश्किल से छुट्टी लेकर पुलिसिया शोर से दूर अपनी भार्या को समय देने आया था। पर नियति कहां सुनती है। सुबह सुबह सूचना लगी कि एक मासूम बच्चा पृथ्वीपुर में बोरवेल में 200 फीट निचे चला गया। आगे ऑफिसर लिखते है कि बच्चें के बोरवेल में गिरने की खबर लगते ही श्रीमति जी तुरंत बिना सोचे समझे मासूम को बचाने के लिए निकल गई।” इस तरह एक पति ने अपनी पत्नी की कर्तव्यनिष्ठा और प्रेम को लेकर भावुक पोस्ट लिखी है, जो यकिनन पत्नी के लिए करवा चौथ का एक अनमोल गिफ्ट है।
उन्होने आगे लिखा है “बीते 32 घंटों से लगातार बचाव कार्य जारी है, हम सब उस मासूम के जीवन के लिए प्रार्थना कर रहे हैं परंतु इस सब के बीच याद ही नहीं रहा कि पत्नी ने करवा चौथ का व्रत रखा है, कई बार कहा कि आज व्रत मत करो पर मेरी एक ना सुनी गई। जब याद आया तो रात के 9 बजने को थे। आनन फानन में सड़क किनारे उनका व्रत चांद दिखा कर बोतल से पानी पिलाकर खुलवाया। मिन्नतें कर के कुछ खाना खिलाया और वो फिर लग गई अपने काम में। शायद ही किसी संस्कृति में ऐसा देखने को मिलता है कि एक स्त्री इतने कठोर नियमों का पालन करती हो, परंतु नारी यदि ठान ले तो क्या नहीं कर सकती। किस्सा छोटा सा है पर बात बहुत बड़ी है। मैं उन सभी नारियों को कोटि कोटि नमन करता हूं जो अपने कर्तव्य के प्रति कृतसंकल्प हैं। बचाव कार्य अभी जारी है, उस मासूम के लिए प्रार्थना जरूर करते रहिए।” बता दें कि दपंत्ति आईपीएस ऑफिसर है और दोनों ही जयपुर राजस्थान के रहने वाले हैं।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!