बता दें कि चौकी प्रांगण में ठुमके लगाकर केक काटकर फिल्मी गाने पर जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा है। जश्न मनाने बालों में ना तो थाने की कोई गरिमा दिख रही न पुलिस का भय। वायरल वीडियो में थाने में बर्थडे पार्टी में लोग जमकर हुड़दंग करते दिख रहे है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही एसपी अमन सिंह राठौड़ ने पुलिस चौकी देभई में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव आरक्षक जितेंद्र यादव को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है।
दतिया/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में कभी जेल में तो,कभी थाने में बर्थडे पार्टीयां मनाई जा रहीं हैं। दरअसल,
दतिया जिले के सेंवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम देभई पुलिस चौकी के सामने कुछ युवकों ने दबंगई दिखने के फेर में पुलिस चौकी के सामने बर्थ-डे पार्टी मनाई। यह बर्थ-डे पार्टी करीब डेढ़ घंटे तक चली। इस दौरान पुलिस चौकी पर कोई जवान मौजूद नहीं रहा। पुलिस चौकी सूनी रही।
जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने चौकी पर पदस्थ दो आरक्षकों को लाइन भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच रक्षित निरीक्षक को सौंपी है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देभई में सेंवढ़ा थाना के अधीनस्थ पुलिस चौकी है। इसी चौकी में पास का गांव वीरपुरा भी शामिल है। मंगलवार को वीरपुरा निवासी छोटू यादव का जन्मदिन था। छोटू के जन्म दिन को अलग तरीके से मनाने के लिए छोटू और उसके दोस्तों ने अक्सर सूनी पड़ी रहने वाली देभई चौकी को चुना। छोटू यादव अपने दोस्तों के साथ बर्थ-डे पार्टी मनाने के लिए देभई चौकी पहुंच गए। चौकी का मैन गेट खुला था।
दरवाजे की सीढ़ियाें पर ही छोटू यादव के जन्म दिन का केक काटा गया। फिर फव्वारे फोड़े गए और शुरू हो गया नाच गाना का कार्यक्रम। छोटू यादव के जन्म दिन मनाने का वीडियो मोबाइल से मनाया गया और उसके दोस्त सागर यादव ने अपनी फेसबुक आईडी पर भी अपलोड किया। चौकी पर मनाए जा रहे जश्न में छोटू यादव के साथ उसका दोस्त सागर, शैलेंद्र यादव, राजा परमार, मलखान रजक, दीपक धानुक, गजेंद्र चौहान और विपिन शर्मा समेत तमाम लोग दिखाई दे रहे हैं।
सूनी पुलिस चौकियां असामाजिक तत्वों का डेरा बनी
युवकों द्वारा वीडियो में बार-बार पुलिस चौकी काे दिखाया। इस दौरान कुछ युवक नशे की हालत में भी होने की बात क्षेत्रीय लोगों द्वारा कही जा रही है। देभई गांव, सेंवढ़ा थाना क्षेत्र का बड़ा गांव है। इस गांव की सुरक्षा के लिए यह चौकी बनाई गई है। अधिकांश समय यह चौकी सूनी रहती है। इसलिए यहां असामाजिक तत्वों को डेरा बना रहा है।
बता दें कि जिले में बिछौंदना, उड़ीना, देभई, उदगवां, चीना चौकी हैं। ये चौकियां काफी पुरानी हैं। इनमें से सिर्फ बिछौंदना और उदगवां चौकी पर ही पुलिस फोर्स मौजूद रहता है। चीना और देभई चौकी सूनी रहती हैं। कई बार इन पर फोर्स तैनात करने की मांग क्षेत्रीय लोगों द्वारा की गई लेकिन तैनाती नहीं हुई।
इसलिए अब ये चौकियां जश्न मनाने का अड्डा बन रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो एसपी राठौड़ ने देभई चौकी पर पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव और आरक्षक जितेंद्र यादव को कर्तव्यों के प्रति लापरवाही व उदासीनता मानते हुए लाइन अटैच कर दिया। साथ ही मामले की जांच आरआई को सौंपी गई। वहीं सेंवढ़ा पुलिस ने जश्न मनाने वाले युवकों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।
