HomeBreaking Newsदुःखद:व्यापारी ने पत्नी बच्चों सहित खुद को गोली मारकर मौत के घाट...

दुःखद:व्यापारी ने पत्नी बच्चों सहित खुद को गोली मारकर मौत के घाट उतारा

बठिंडा/पंजाब।

बठिंडा की ग्रीन सिटी कालोनी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई है। व्यापारी ने अपनी पत्नी बेटा व बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी है। जिसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दरअसल,
बठिंडा के सबसे पॉश एरिया ग्रीन सिटी फेस-2 में गुरुवार दोपहर बाद करीब 3:30 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेडिंग बिजनैस में लाखों रुपए का घाटा होने से परेशान 41 वर्षीय व्यापारी दविन्द्र गर्ग ने अपनी 32 बोर की लाइसैंसी रिवाल्वर से अपनी 38 वर्षीय पत्नी मीना गर्ग, 14 वर्षीय बेटे आरूष व 10 वर्षीय बेटी मुस्कान की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद उसी रिवाल्वर से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले मृतक दविन्द्र ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उसने फाइनांस का काम करने वाली एक महिला समेत 9 लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ने शहर की सबसे महंगी कालोनी पंचवटी में कोठी तैयार की थी जिस पर 8 से 10 करोड़ रुपए खर्च किए थे लेकिन कुछ समय पहले बिट्क्वाइन में घाटा पडऩे पर उसने कोठी बेच दी थी। पिता हेमराज ने बताया कि सुबह 11 बजे उसकी बेटे के साथ बातचीत हुई थी लेकिन उस समय ऐसा कुछ भी नहीं था, फिर अचानक ही उसने यह कदम उठा लिया जिससे उसका हंसता-खेलता परिवार मातम में डूब गया।
परिवारिक सदस्यों के मुताबिक गुरुवार दोपहर 12 बजे तक सभी लोग ठीक थे। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे पहले वह अग्रवाल कालोनी स्थित ससुराल जाकर आया था, उसके बाद सुबह करीब 11 बजे दविंदर की मां ने उसे फोन कर उसका हालचाल पूछा था।
तब उसने कहा था वह ठीक है और घर पर ही है। 12 बजे के बाद उसने अपने बैडरूम में अपने पूरे परिवार को बंद किया और वहां पर उसनी अपनी 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर से अपनी पत्नी व दोनों बच्चों को गोली मारी दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बैडरूम का दरवाजा और अन्य दरवाजे बंद होने के कारण गोली चलने की आवाज नीचे रहते परिवार को भी सुनाई नहीं दी।
दोपहर करीब तीन बजे जब कोई व्यक्ति दविंदर से मिलने उसके घर पहुंचा और घंटी बजाने पर काफी देर तक नीचे नहीं आने पर मकान मालिक ने ऊपर जाकर दविंदर व उसकी पत्नी को भी आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को ऊपर बुलाकर दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा, तो पूरा परिवार बेडरूम में गिरा पड़ा था।शवों को नौजवान वैल्फेयर सोसायटी के अध्यक्ष सोनू महेश्वरी की टीम ने पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में पहुंचाया।

इनका कहना

एस.एस.पी. भूपिंद्र जीत सिंह विर्क ने बताया कि मरने से पहले मृतक ने सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें 8-9 लोगों के नाम लिखे हैं और पैसों के लिए परेशान करने का आरोप भी लगाया है। वहीं एस.एस.पी. ने सुसाइड नोट में लिखे किसी नाम का जिक्र नहीं किया और बताया कि यह जांच का विषय है जबकि सभी 9 लोगों पर मामला दर्ज किया जाएगा।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!