बता दें कि रिश्वत लेते हुए पकड़ाई कानड़ थाना प्रभारी मुन्नी परिहार का कार्यकाल पूर्ण होकर 31 मई 2022 को वह सेवानिवृत होने वाली थी, लेकिन अपने सेवा कार्य पूर्ण करने से पहले ही वह लोकायुक्त के शिकंजे में फस गई।
लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस थाने के अन्य लोग भी रडार पर हैं।
आगर-मालवा/उज्जैन/मप्र।
मध्यप्रदेश में घूसखोर अधिकारी कर्मचारी इतने बेखौफ हैं कि अब कार्यालय और थानों में भी रिश्वत लेने से नहीं चूक रहे हैं।
दरअसल,मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में उज्जैन लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त की टीम ने कानड़ थाना प्रभारी को बेखौफ थाने में रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। महिला टीआई मुन्नी परिहार एक सटोरिया से सट्टा खेलाने के लिए 29 हजार रुपए की रिश्वत ले रही थी। हर महीने रिश्वत और प्रेशर की वजह से सटोरिया परेशान था। साथ ही वह अब यह काम छोड़ना चाह रहा था। इसके बावजूद थाना प्रभारी मुन्नी परिहार दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त में शिकायत की।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को लोकायुक्त उज्जैन के डीएसपी राजकुमार सर्राफ के नेतृत्व में टीम का गठन कर ट्रैप आयोजित किया। जिसके तहत लोकायुक्त उज्जैन की टीम डीएसपी सुनील तालान, टीआई राजेंद्र वर्मा आरक्षक संजय पटेल, सुनील परसाई, नीरज राठोर व इसरार खान ने थाना कानड़ जिला आगर मालवा में रितेश से 29 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए टीआई मुन्नी परिहार को रंगे हाथों पकड़ा है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,कानड़ निवासी रितेश राठौर को कोरोना लॉकडाउन की वजह से व्यापार में नुकसान हुआ था। इससे उबरने के लिए उसने वर्ष 2021 में सट्टा चलाया था। इसके ऐवज में टीआई मुन्नी परिहार हर महीने 20 हजार रुपए लेती थी। युवक अब सट्टा नहीं खिलाना चाहता, लेकिन टीआई दबाव बनाकर सट्टा चलवा रही थी। साथ ही रिश्वत के रूप में हर महीने 20 हजार रुपए मांग रही थी। जिससे परेशान होकर रितेश ने इसकी शिकायत 11 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन अनिल विश्वकर्मा को आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की थी। जिसमें रितेश राठौर ने बताया कि थाना प्रभारी कानड़ मुन्नी परिहार उससे दबाव बनाकर सट्टा चलाने का कह रही है और इसके लिए हर महीने 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रही है।
इनका कहना
लोकायुक्त डीएसपी राजुकमार सर्राफ ने बताया कानड़ थाना प्रभारी मुन्नी परिहार ने रितेश से पिछले महीने के बाकी 9 हजार और चालू महीने के बीस हजार रुपए के हिसाब से कुल 29 हजार की मांग की गई थी, हमने टीआई को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।
