बता दें कि सिपाही रिंकू हरियाणा का रहने वाला है। वह करीब 2 साल से थाना गोवर्धन में तैनात है। बताया जा रहा है कि रिंकू की ड्यूटी ओवरटाइम लगाई जा रही थी। ओवर टाइम ड्यूटी करने से रिंकू परेशान था। वह बीते कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उसने थाना स्तर के अधिकारियों को कई बार सूचित किया लेकिन उसकी समस्या का हल नहीं हो पाया। इसके चलते रिंकू ने बुधवार शाम को अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
मथुरा/उत्तरप्रदेश।
उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में एक सिपाही ने अपने अफसरों पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। दरअसल,विभागीय उत्पीड़न के शिकार हुए सिपाही ने ड्यूटी के बाद बुधवार शाम करीब पांच बजे कमरे पर जाकर हाथ की नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की। सिपाही के हाथ से खून निकलता देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सिपाही को उपचार के लिए मथुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सिपाही का उपचार चल रहा है। वहीं पीड़ित सिपाही ने थानाध्यक्ष, एक मुंशी व हमराह पर आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया है। मामले में एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,रिंकू पुत्र राणा सिंह निवासी खानपुर जिला झज्झर हरियाणा 2018 उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही है। उसकी तैनाती गोवर्धन थाने में चल रही है। बुधवार को सिपाही रिंकू ने कोतवाल व विभागीय उत्पीड़न के चलते निजी आवास पर जाकर हाथ की नस काट कर आत्महत्या की कोशिश की। पास में रह रहे साथी सिपाही ने इसकी सूचना थाने में दी, पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
सिपाही ने आरोप लगाया है कि थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, मुंशी पंकज यादव, हमराह विजेंद्र सिंह अक्सर अभद्र व्यवहार करते रहते हैं। सिपाही और मुंशी के बीच वार्तालाप का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें मुंशी, सिपाही रिंकू से नौकरी न करने की लिख देने जैसी बात कर रहा है। सिपाही को बेहोशी की हालात में मथुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिपाही की अभी शादी नहीं हुई है और पुलिस ने परिवार के सदस्यों को सूचना दे दी है।
इनका कहना
एसपी देहात श्रीशचन्द ने बताया कि सिपाही रिंकू द्वारा हाथ की नस काटने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हैं। मामला उनके संज्ञान में आया है। सिपाही की हालत ठीक होने पर उससे बातचीत कर कारणों के बारें में जाना जाएगा।
