बता दें कि आयोग ने केंद्रीय गृह सचिव को आइपीएस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए कहा है। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। सीबीडीटी की रिपोर्ट ने आयोग को कुछ संस्थाओं और व्यक्तियों के बारे में सूचित किया है, जो बेहिसाब नकदी जमा करने में शामिल थे।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के 4-5 पुलिस अधिकारियों पर सीबीडीटी इनकम टैक्स ने गम्भीर आरोप लगाए हैं। एमपी में इन पुलिस अधिकारियों पर गम्भीर धांधली के आरोप लगे हैं। जिसमे कहा गया है कि पुलिस अधिकारियों ने राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए इनसे पैसा लेकर इसे गुप्त खातों में ट्रांसफर किया। सीबीडीटी ने डिजिटल सबूतों के आधार पर
आईपीएस सुशोभन बैनर्जी, IPS संजय माने, स्टेट पुलिस के अधिकारी अरुण मिश्रा,आईपीएस वी मधुकुमार तथा तत्कालीन एक अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के नाम पर यह गम्भीर आरोप लगा कर इलेक्शन कमीशन को पत्र लिखा है। इलेक्शन कमीशन ने इन तथ्यों का परीक्षण करने के बाद एमपी के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इन अधिकारियों पर विभागीय कार्यवाही की बात कही।
2019 के लोकसभा चुनावों में भारी मात्रा में काले धन का इस्तेमाल
आयकर विभाग ने छापों में पाया था कि 2019 के आम चुनाव में भारी मात्रा में नकदी का इस्तेमाल किया गया था। इसकी रिपोर्ट आयकर विभाग की शीर्ष संस्था केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने चुनाव आयोग को भेजी थी। आयोग ने कहा कि उसने इस रिपोर्ट के सभी पहलुओं पर विचार विमर्श के बाद ही यह निर्देश दिए हैं।
चुनाव आयोग से जारी बयान के मुताबिक सीबीडीटी की रिपोर्ट में कहा गया था कि इन की अधिकारियों की एक राष्ट्रीय पार्टी की ओर से कुछ लोगों तक पहुंचाने में भूमिका रही है। आयोग ने अपने बयान में किसी पार्टी का नाम नहीं लिया है। लेकिन यह बिलकुल स्पष्ट है कि यह बोर्ड का इशारा कांग्रेस पार्टी की ओर है। चुनाव आयोग ने मप्र के सीईओ को 28 अक्टूबर 2020 को ही यह रिपोर्ट भेज दी थी। इसमें सीईओ को निर्देश दिए गए थे कि वह तीन अधिकारियों के खिलाफ ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराए।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार के वक्त इन्कम टेक्स की रेड हुई थी इस रेड में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ से जुड़े लोगों तथा उनके स्टाफ के कुछ लोगों के यहां आईटी ने अचानक दबिश देकर कई तरह कर कागजात जप्त किये थे।
इस पूरे मामले के बाद प्रदेश में आरोप प्रत्यारोप भी खूब चले थे लेकिन अब जो खबर मिल रही है वह काफी चोंकाने वाली है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 3 आईपीएस तथा एक राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एक अन्य अधिकारी से जुड़े कई डिजिटल सबूत ऐसे मिले जिनसे यह प्रतीत होता है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने में इन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध थी।
छापे के बाद राजनीतिक हालात बदले कमलनाथ की सरकार भी गिर गई मगर छापों के बाद सीबीडीटी की रिपोर्ट अभी सामने आई।
क्या है रिपोर्ट में
रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीडीटी ने चुनाव आयोग को इस पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी है तथा इन सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा है साथ ही विभागीय जांच के लिए भी कहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद आने वाले दिनों में फिर से राजनीति गरमाने की पूरी संभावना है क्योंकि राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे जबकि भाजपा उस वक्त छापे के बाद खुल कर यह कहती रही कि कमलनाथ सरकार ने लोकसभा चुनाव के दौरान सत्ता का अनुचित लाभ लिया साथ ही कांग्रेस को धन मुहैया कराया। अब देखना यह है कि चुनाव आयोग इस रिपोर्ट पर क्या कार्रवाई करता है।
मामला विस्तार से
आयकर विभाग दिल्ली की इंवेस्टिगेशन विंग ने 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के ओएसडी प्रवीण कक्कड़, सलाहकार राजेंद्र मिगलानी, मोजेर बियर कंपनी के मालिक भांजे रतुल पुरी और एक अन्य कारोबारी अश्विन शर्मा के 52 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे थे। 8 अप्रैल को आयकर विभाग ने 14.6 करोड़ रुपए की बेहिसाब नकदी बरामद की थी। इसके साथ बड़े पैमाने पर डायरियां और कंप्यूटर फाइल जब्त की थीं। इनमें सैकड़ों करोड़ रुपए के लेनदेन के हिसाब थे। बाद में आयकर विभाग ने बताया था कि दस्तावेजों में यह प्रमाण मिले हैं कि 20 करोड़ रुपए की राशि एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के दिल्ली स्थित मुख्यालय भेजा गया। इन छापों में कुल 281 करोड़ रुपए के लेनदेन के पुख्ता प्रमाण मिले थे। यह पैसा विभिन्न कारोबारियों, राजनीतिज्ञों और नौकरशाहों से एकत्र किया गया था। यह 20 करोड़ रुपए की नकदी हवाला के माध्यम से तुगलक रोड स्थित एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के मुख्यालय को भेजी गई थी।
जांच में 106 करोड़ निकली राशि
आयकर विभाग की जांच में यह सामने आया था कि कांग्रेस पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय को 20 करोड़ नहीं, बल्कि 106 करोड़ रुपए भेजे गए थे। इसके अतिरिक्त विकास ढिंगरा नामक व्यक्ति के खाते में 72 करोड़ रुपए भेजे गए। आयकर विभाग की यह जांच विकास ढींगरा नामक व्यक्ति पर भी केंद्रित रही। जिसमें पाया गया है कि ढींगरा अप्रैल 2019 को ही विदेशी चला गया था। इसके बाद अब तक नहीं लौटा। हालांकि विभाग का दावा है कि वह इस रकम के लेनदेन का सीधे लाभार्थी नहीं है। वह केवल रकम एक जगह से दूसरी जगह भेजने का माध्यम भर है।
कमलनाथ के करीबियों से जुड़े तार
सूत्रों के मुताबिक 7 अप्रैल 2019 को आयकर ने छापे मारे थे, उनमें मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी 5 लाेग शामिल थे। जिसमें बड़े पैमाने पर पैसों के लेनदेन के सबूत मिले थे। इसके बाद इकट्ठा किए गए सबूत और रिपोर्ट सीबीआई को भेज दिए गए थे। आयकर विभाग ने चुनाव आयोग को जो साक्ष्य और जांच रिपोर्ट सौंपी, उसमें लोकसभा चुनाव के दौरान 11 उम्मीदवारों को कथित तौर पर भारी रकम ट्रांसफर किए जाने का आरोप है। यह जानकारी दिल्ली के एक शख्स ललित कुमार चेलानी के कम्प्यूटर से मिली थी। चेलानी एक अकाउंटेंट हैं, जो कमलनाथ के करीबी आरके मिगलानी के साथ काम कर चुके हैं। चलानी के खाते से ही ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी को रकम का भुगतान करने के सबूत आयकर को मिले थे।
इन उम्मीदवारों को मिला था फण्ड
सूत्रों के मुताबिक 11 लोकसभा उम्मीदवारों को चलानी के माध्यम से रकम मिली थी। हालांकि भुगतान से जुड़ी रसीदें सिर्फ दो उम्मीदवारों सतना से राजाराम प्रजापति और बालाघाट से मधु भगत के मामले में मिली थी। अन्य जिन उम्मीदवारों को फंड मिलने का आरोप है, वे हैं- मंदसौर से मीनाक्षी नटराजन, मंडला से कमल मांडवी, शहडोल से प्रमिला सिंह, सीधी से अजय सिंह, भिंड से देवाशीष जरारिया, होशंगाबाद से शैलेंद्र सिंह दीवान, खजुराहो से कविता सिंह,भोपाल से दिग्विजय सिंह और दमोह से प्रताप सिंह लोधी।
