मुरैना/मध्यप्रदेश।
कोरोना संक्रमण के साथ-साथ अब अपराधों का भी ग्राफ बढ़ने लगा है। सबलगढ़ थाना क्षेत्र के सर्राफा व्यापारी दीपक सोनी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। बदमाश व्यवसायी को हाथ में गोली मारने के बाद सोने चांदी से भरे आभूषण छीन कर भाग गए। गोली लगने से घायल सर्राफा व्यापारी दीपक सोनी को गंभीर हालत में उपचार के लिए सबलगढ़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। व्यापारी के अनुसार लूटी गई ज्वेलरी की कीमत लगभग 25 लाख से अधिक बताई गई है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,घटना मंगलवार शाम करीब आठ बजे की है। व्यापारी दीपक सोनी अपनी दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकल से अपने घर रानी कुआं रोड पर आ रहा था। तभी घर के बाहर दीपक ने मोटरसाइकल रोकी तो सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर घात लगाए तीन अज्ञात बदमाशों ने अचानक कट्टा निकालकर दीपक के हाथ पर फायर किया और ज्वैलरी से भरा बैग लेकर भाग गए। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी और घर के लोग दौड़ कर पहुंचे तो बदमाश मोटर साइकिल पर बैग छीनकर भाग गये। घायल दीपक सोनी को परिजन अस्पताल लेकर पहुँचे जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दीपक ने बताया कि बदमाशों ने करीब 3-4 फायर किए और बैग में रखी पच्चीस किलो चांदी, दो सौ ग्राम सोना, नगदी तिजोरी की चाबी आदि समान भरा हुआ था जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान करने में जुट गई हैं।
