HomeNews Headlinesयूपी में हैदराबाद जैसी हैवानियत:पहले गैंगरेप किया,फिर जमानत पर छूटे,और फिर पीड़िता...

यूपी में हैदराबाद जैसी हैवानियत:पहले गैंगरेप किया,फिर जमानत पर छूटे,और फिर पीड़िता को ज़िंदा जलाया

उन्नाव/उत्तरप्रदेश………….


दुष्कर्म के लिए सख्त कानून होने के बाद भी मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं कम होने का नाम नही ले रहीं हैं। अभी हैदराबाद में डॉक्टर से गैंगरेप-हत्या का मामला शांत नहीं हुआ था कि उन्नाव में एक रेप पीड़िता को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। यहां गुरुवार को एक रेप पीड़िता को जमानत पर छूट कर आए दो आरोपियों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जिंदा जला दिया। जली हालत में पीड़िता एक किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर हुई तब जाकर उसे मदद मिली। एक गांव वाले के फोन से पीड़िता ने खुद पुलिस को फोन किया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने 90 फीसदी जल चुकी पीड़िता को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता को एयरलिफ्ट से सफदरजंग अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने पीड़िता को जलाने वाले पांचों आरोपियों जिनमें शिवम त्रिवेदी, उसके पिता रामकिशोर, शुभम त्रिवेदी, हरिशंकर और उमेश वाजपेयी शामिल हैं को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़िता का इलाज सरकारी खर्च पर कराए जाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा किया है।


क्या है पूरा मामला……………..


घटना यूपी के बिहार थानाक्षेत्र के हिन्दुनगर गांव की है। कुछ दिन पहले ही युवती के साथ रेप हुआ था। इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आज युवती इसी मामले की पैरवी के लिए रायबरेली जा रही थी। सुबह चार बजे के करीब गांव के बाहर खेत में दोनों आरोपी व उसके तीन साथियों ने उसके ऊपर मिटटी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता ने अपने बयान में दोनों आरोपियों का नाम लिया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन दोनों आरोपियों के साथ उनके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।


डीजीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद रायबरेली में मुकदमा हुआ था दर्ज…………


आरोपियों की ओर से रेप पीड़िता को जिंदा जलाने के मामले में पुलिस की खामियां भी अब सामने आने लगी हैं। बताया जा रहा है कि 12 दिसंबर 2018 को आरोपी शिवम त्रिवेदी ने अपने चचेरे भाई शुभम त्रिवेदी के साथ मिलकर गैंगरेप किया। इस मामले में जब पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो महिला आयोग ने पुलिस को पत्र लिखा बाद में कोर्ट में भी अर्जी दी गई, कोर्ट के आदेश के बाद मार्च 2019 में एफआईआर दर्ज हुई और पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी तीन दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे। इसके बाद गुरुवार सुबह उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।


महिला आयोग ने यूपी डीजीपी से रिपोर्ट तलब की………….


उधर घटना के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने यूपी के डीजीपी ओपी सिंह से केस में विस्तृत रिपोर्ट तलब कर ली है। इसमें पीड़िता के केस दर्ज करवाने की तारीख से अब तक की कार्रवाई मांगी गई है। साथ ही पूछा गया है कि ये भी बताएं कि अगर साबित हुआ है तो रेप पीड़िता को सुरक्षा नहीं देने के लिए किन अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा महिला आयोग ने डीजीपी से उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ पिछले 3 साल में हुए जघन्य अपराधों और उनमें दी गई जमानतों की रिपोर्ट भी तलब कर ली है। एनसीडब्ल्यू की तरफ से कहा गया है कि जल्द से जल्द रिपोर्ट भेजें।

उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह को भेजे गए पत्र में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने लिखा है कि महिलाओं के अधिकार सुरक्षित रखने के लिए तमाम कानून होने के बाद भी उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों से आयोग विचलित है।


अखिलेश यादव ने एमएलसी को भेज मांगी रिपोर्ट………..


वहीं एसपी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्नाव की घटना के संबंध में अपने एमएलसी सुनील साजन को घटनास्थल पर भेजा। उन्होंने मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है। अखिलेश के निर्देश पर घटनास्थल पर पहुंचे सुनील साजन ने इस घटना के विरोध में यूपी सरकार का इस्तीफा मांगा है। उनका कहना है कि यूपी में कानून व्यवस्था हाथ से निकल चुकी है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं।


सीएम ने केस पर दी ये जानकारी………..


इस मामले में विपक्ष के निशाने पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने बताया कि उन्नाव में रेप पीड़िता पर हमले के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया है। इसमें रेप करने वाले आरोपी दोनों भाई भी शामिल हैं।

एडीजी लखनऊ जोन पीड़ित के साथ हैं। आईजी और कमिश्नर भी मौके पर हैं। डीएम-एसपी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।अगर पुलिसकर्मी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!