“कुर्सी तेरे रंग अनोखे,सत्ता रहते तू तलवार,
सत्ता गयी तो हम हुए लाचार”
ग्वालियर/मध्यप्रदेश………..
कुर्सी के खेल भी अनोखे होते है जब ये खिसकती है तो नज़ारे कुछ ऐसे बन जाते हैं। कुछ दिन पहले तक जिस झंडे को देखकर सलाम ठोका जाता था आज सत्ता से बाहर होते ही उसी पार्टी के झंडे लगी गाड़ियों को रोक लिया जाता है। ताजा मामला ग्वालियर का हैं जहाँ सिटी सेंटर क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस ने भाजपा सांसद प्रह्लाद पटेल की गाड़ी का चालान काट दिया। जानकारी के मुताबिक परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस शहर में अवैध हूटर, सायरन, गलत तरह से लिखी नंबर प्लेट, कार के शीशों पर काली फिल्म सहित अन्य मामलों को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। आरटीओ और पुलिस की संयुक्त टीम जब ग्वालियर के सिटी सेंटर पर कार्रवाई कर रही थी, तभी वहां से पूर्व मंत्री प्रहलाद पटेल गुजरे। गाड़ी की नंबर प्लेट नियम के विरुद्ध होने के कारण टीम ने उनकी गाड़ी रोक ली। उन्हें बताया गया कि नंबर प्लेट गलत लिखी और गाड़ी पर पार्टी का झंडा भी लगा है। आरटीओ ने पटेल का 500 रुपए का चालान काट दिया।

क्या है मामला…………..
दरअसल मणिपुर प्रभारी भाजपा सांसद प्रहलाद पटेल ग्वालियर में अपने निजी काम से आये थे। दोपहर में वो सिटी सेंटर से निकल रहे थे तभी ट्रैफिक पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोकी और उस पर लगे भाजपा के झंडे को नियम विरुद्ध बताकर उतारने की बात की। एक ट्रैफिककर्मी आगे बढ़ा और वो गाड़ी पर लगा झंडा उतारने लगा तो सांसद प्रह्लाद पटेल ने उसे रोकते हुए कहा कि आपको झंडा उतारने का अधिकार नहीं है,यदि हमने नियम तोड़ा है तो चालान काट दीजिये। उसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी चला रहे शख्स के नाम से 500 रुपये का चालान काट दिया। उसके बाद सांसद अपने साथी के साथ कार में बैठकर वहां से चले गए। आरटीओ और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई अन्य वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की जिनकी नंबर प्लेट गलत तरीके से लिखी हुई थी। टीम ने ऐसी सभी नंबर प्लेट जब्त भी की।
