बरेली/उत्तरप्रदेश…………
यूपी के बरेली में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि एडीजी प्रेम प्रकाश ने कर दी है। उन्होंने बताया कि दोनों घायल बदमाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। मारे गए दोनों बदमाश सोमवार की सुबह हुई लूट की बड़ी वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटर निकले मारे गए बदमाश…………
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश संभल के हिस्ट्रीशीटर निकले। एसएसपी मुनिराज जी। ने बताया कि मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश के पास से मिले मोबाइल से संपर्क करने पर संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में रहने वाला कपिल चौधरी पुत्र लाल सिंह का नाम सामने आया। उसकी पत्नी विनीता ने फोन उठाकर बताया कि कपिल और उसका दोस्त अशोक पुत्र विजय सिंह निवासी असमोली साथ में रविवार घर से गए थे, लेकिन अभी तक नहीं लौटे हैं। एसएसपी के मुताबिक उनके परिवारों के बरेली आने के बाद ही शवों के पोस्टमार्टम कराए जाएंगे। वहीं संभल पुलिस से संपर्क करने पर सामने आया कि कपिल चौधरी की हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। उसके खिलाफ लूट, डकैती के करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं। देर रात तक पुलिस अशोक सिंह की क्राइम हिस्ट्री खंगालती रही। भागे हुए बदमाशों की शिनाख्त कराने की कोशिशें भी जारी रहीं।

क्या था मामला………….
बरेली में सुबह ही आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों सर्राफ कारोबारी के मुनीम को गोली मारकर 15 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका उपचार चल रहा है। सुबह-सुबह हुई लूट की इस बड़ी वारदात के बाद एडीजी से लेकर एसएसपी मुनिराज समेत तमाम अफसरों ने मौके पर पहुंचकर सर्राफ कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हुई जिसमें दो बदमाश मारे गए।
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश हुए ढेर………….

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को पुलिस ने ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ बरेली के बड़े बाईपास के अहलादपुर के पास खेतों में हुई है। वहीं बदमाशों से हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ बदमाश बरेली के बड़े बाईपास पर देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान बड़े बाईपास के अहलादपुर के पास मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों को रुकने के लिए कहा गया था।
तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गीतेश और प्रवीण गोली लगने से घायल हो गए। साथ ही आमने-सामने की फायरिंग में दो बदमाश भी पुलिस की गोली के शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, जैसे ही बदमाशों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, तभी दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए और बदमाशों को पकड़ने के लिए कॉम्बिंग शुरू कर दी। वहीं कुछ बदमाश भागने में सफल रहे। बताया जाता है कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश सुबह हुई सर्राफ के मुंशी से 15 लाख की लूट में शामिल थे। एडीजी प्रेमप्रकाश ने दो बदमाशों के मारे जाने की पुष्टि की है।
