सीकर/राजस्थान………..
मंडावा रोड पर बेसवा गांव के पास शनिवार देर रात बदमाशों की फायरिंग में फतेहपुर थानाधिकारी मुकेश कानूनगो व कांस्टेबल रामप्रकाश की गोली लगने से मौत हो गई। फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी ओपी गल्होत्रा रविवार को फतेहपुर पहुंच गए हैं। घटना के बाद लोगों ने विरोध में फतेहपुर के बाजार बंद रखे।
क्या है मामला………..
एएसपी तेजपाल सिंह के अनुसार देर रात को अजय चौधरी, जगदीप उर्फ धनकड़, कैलाश नागौरी सहित अन्य बदमाशों के इलाके में आने की सूचना मिली।थानाधिकारी मुकेश कानूनगो, कांस्टेबल रामप्रकाश, रमेश व सांवरमल सूचना पर वहां पहुंचे। तभी बदमाश सामने से आते दिखे। बदमाशों ने गाड़ी से उतरते ही फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में मुकेश कानूनगो की गर्दन में गोली लगी और रामप्रकाश के छाती में गोली लगी। बदमाश बोलेरो में फरार हो गए। दोनों को स्थानीय अस्पताल में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में इलाके के लोग अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए।
घटना के दौरान सिपाही सांवरमल साथ में मौजूद था। वह घटना से काफी सहम गया। उसने बताया कि थानाधिकारी व कांस्टेबल को गोली लगने के बाद हमने कंट्रोल रूम व पुलिसकर्मियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात को ही पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। बदमाशों को पकड़ने के लिए सीकर, चूरू व झुंझुनूं में नाकेबंदी करा दी गई।
शहीद का दर्जा देने की माँग उठी………….

जिले की फतेहपुर तहसील में बेसवा गांव में शनिवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ में जान गंवाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश कानूनगो व कांस्टेबल रामप्रकाश को शहीद का दर्जा देने की मांग तेज हो गई है। वारदात के बाद से ही राजस्थान पुलिस के ऑफिसरों व जवानों ने इस घटना पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रक्रियाएं दी।दिवंगत दोनों पुलिसकर्मियों के बैचमेटस व परिजनों ने उन्हें शहीद का दर्जा देने के अलावा एक करोड़ रुपए का आर्थिक मुआवजा व आश्रित परिजन को तत्काल नौकरी देने की मांग की है। वहीं, दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों ने फतेहपुर पहुंचकर जमकर आक्रोश व्यक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि हत्यारे नामजद होने के बावजूद भी पकड़ नहीं पा रही है। उन्होंने सीकर पुलिस पर ही सवाल खड़े करते हुए कहा कि हत्या के बाद भी बाइक सवार बदमाश अस्पताल के आसपास बेखौफ घूमते रहे।
शहीद का दर्जा देने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की मांग पर अड़े परिजन………….
आईजी रेंज वीके सिंह व कलेक्टर नरेश ठकराल की मौजूदगी में दिवंगत पुलिसकर्मियों के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद सीकर में राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजन पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश कानूनगो का जयपुर में उनके मुरलीपुरा स्थित निवास तथा कांस्टेबल रामप्रकाश का उसके झुंझूनूं स्थित पैतृक गांव घोड़ीवारा लेकर पहुंचे। जहां शहीद का दर्जा देने की मांग पूरी करने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ गए।
No1 Police डॉट कॉम की अपील………..
No1 Police डॉट कॉम सरकार से अपील करती है कि घटना में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को अविलंब शहीद का दर्जा दिया जाए साथ ही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं जिससे इन दुःखद घटनाओं की पुनरावृत्ति भविष्य में ना हो
शहीद पुलिसकर्मियों को No1 Police डॉट कॉम की पूरी टीम की और से विनम्र श्रद्धांजलि।
