भोपाल/मध्यप्रदेश…………..
मध्यप्रदेश में कॉन्स्टेबल्स के थोक तबादलों से परेशान पुलिस मुख्यालय अब प्रदेश के गृहमंत्री का आदेश भी नहीं मान रहा। उसने मंत्री को साफ कह दिया है कि फिलहाल अब और तबादले नहीं करेगा क्योंकि ज़िलों में पूरी व्यवस्था चरमरा गयी है। मध्यप्रदेश में हुए कॉन्सटेबल्स के थोक तबादलों की वजह से जिलों का पुलिस सिस्टम बिगड़ गया है। मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सिफारिश पर प्रदेश के गृहमंत्री ने कांस्टेबल्स के थोक में तबादले कर दिए हैं। इसका नतीजा ये हुआ कि भोपाल सहित कई ज़िलों की पुलिस व्यवस्था ही चरमरा गयी। इसका सीधा असर वहां की सुरक्षा पर पड़ा। दरअसल,कांग्रेस सरकार ने बीते 9 महीने में कांस्टेबल के ऐसे तबादले किए कि ग्वालियर-चंबल संभाग में 1 हजार जवान अधिक हो गए। जबकि यहां इतने पद ही नहीं है। वहीं भोपाल, जबलपुर, इंदौर समेत एक दर्जन जिलों में कांस्टेबल के 100 से 300 पद तक खाली पड़े हैं। इससे प्रदेशभर में कांस्टेबल पदों को लेकर असंतुलन खड़ा हो गया। अब गृह मंत्री बाला बच्चन की तरफ से फिर तबादलों की सिफारिशें की जा रही है।
बताया जा रहा है कि ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस के पाँच नेताओं का सबसे अधिक दखल रहा है, जिसके कारण पद नहीं होने के बावजूद यहां कांस्टेबल पदस्थ कर दिए गए। अब भी ग्वालियर-चंबल संभाग में पदस्थापना को लेकर नोटशीट पर सिफारिशे आ रही हैं। अफसरों ने इस वस्तुस्थिति के बारे में बताया तो मंत्री नाराज हो गए।
क्या है पूरा मामला………………
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पिछले कुछ महीनों में मध्य प्रदेश में सैकड़ों कॉन्स्टेबल्स यहां से वहां कर दिए गए। सबके थोक तबादले हुए इससे पुलिस की पूरी व्यवस्था बिगड़ी तो पुलिस मुख्यालय में खलबली मच गयी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय व्यवस्था सुधारने में जुटा काम संभल भी नहीं पाया था कि प्रदेश के गृहमंत्री वाला बच्चन ने पुलिस मुख्यालय को दूसरी ट्रांसफर लिस्ट भेज दी। लेकिन हालात से घबराए पुलिस अफसरों ने मंत्री को भी ना कर दी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस मुख्यालय में गृह मंत्री की आला अधिकारियों के साथ बैठक हुई इसमें कई पुलिस अधिकारी दूसरी सूची जारी नहीं करने पर अड़ गए और उन्होंने मंत्री से साफ मना कर दिया कि अब और कॉन्सटेबल्स के ट्रांसफर फिलहाल नहीं किए जाएंगे। पता चला है कि इस पर गृहमंत्री नाराज़ हो गए लेकिन अफसरों की नाराज़गी के आगे उनकी नहीं चली।
दरअसल,पिछले सप्ताह पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने इस पर ऐतराज जताया तो मंत्री और अफसरों के बीच भरी बैठक में खींचतान हो गई। गृह मंत्री तबादलों की सूची भेज रहे तो अफसरों को चिंता हो रही है कि पहले से ही एक दर्जन जिलों में कांस्टेबल के सैकड़ों पद खाली हो चुके हैं, यदि फिर इन्हीं जिलों से ग्वालियर-चंबल संभाग में तबादला किया जाता है तो और भी संकट खड़ा हो जाएगा। जब अफसरों ने मंत्री के सामने चिंता जाहिर की तो मंत्री बिफर पड़े। अफसरों ने तर्क दिया कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा।
PHQ ने सभी SP को पत्र लिखा……………
बीते 9 महीने में जिन जिलों में सबसे अधिक कांस्टेबल की पदस्थापना की गई है, उन जिलों के एसपी को पुलिस मुख्यालय ने पत्र लिखा है। इसमें मांग की है कि यदि कोई कांस्टेबल जिन जिलों में कांस्टेबल की कमी हो गई, उनमें आना चाहता है तो ऐसे कांस्टेबल के नामों की सूची पीएचक्यू को तत्काल भेजें। ताकि उनका तबादला किया जा सके। पुलिस मुख्यालय को चार जिलों की सूची मिल चुकी हैं। अन्य जिलों की सूची भी इसी सप्ताह मिल जाएगी। इसके बाद जिन जिलों में कांस्टेबल की जरुरत है, उनमें पदस्थापना की जाएगी।
