मुरैना/मध्यप्रदेश………..
चम्बल में एक बार फिर डाकुओं की दहशत पसरती नजर आ रही है। मुरैना के दच्छापुर के दूध कारोबारी जगदीश बघेल (50) सोमवार से गायब हैं। परिजन उनके अपहरण की बात कह रहे थे, लेकिन तीन दिन से पुलिस गुमशुदगी मानकर चल रही थी। बुधवार को जगदीश के चाचा के मोबाइल फोन पर अपहरणकर्ताओं ने कॉल किया और 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी। इसके बाद जगदीश का अपहरण होने का खुलासा हुआ। अब पुलिस ने अपहरण करने वाले बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं भाई के अपहरण से चिंतित दो भाइयों ने बीते तीन दिन में दम तोड़ दिया। इससे दूध कारोबारी के परिवार पर संकट और बढ़ गया है। पूरे परिवार के साथ-साथ गांव में भी मातम का माहौल है।
क्या है मामला………..
दच्छापुर का रहने वाला जगदीश बघेल पेशे से दूध कारोबारी हैं। वे 21 अप्रैल को बारात में शामिल होने के लिए बघपुरा गांव गए थे। रात में लौटते वक्त वे बधपुरा गांव में अपने जीजा प्रेमसिंह के घर पर रुक गए थे। 22 अप्रैल की सुबह 4 बजे वे जीजा के घर से गांव जाने की कहकर बाइक से निकले, लेकिन घर पर नहीं पहुंचे। सुबह 8 बजे बेटे बृजराज ने फोन लगाया तो जगदीश का मोबाइल बंद बता रहा था। इसके बाद परिजन उनकी तलाश करने के लिए निकले तो दच्छापुर बंबा के पास उनकी बाइक खड़ी मिली। इसके बाद परिजन ने थाने में शिकायत की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने बुधवार को जगदीश बघेल के नयापुरा में रहने वाले सत्यराम बघेल के मोबाइल फोन पर कॉल लगाकर 15 लाख रुपए की फिराैती मांगी है। अपहरणकर्ताओं ने धमकी दी है कि पुलिस की मदद ली तो जगदीश बघेल को जिंदा नहीं पाओगे। फिरौती की मांग के बाद परिजन और पुलिस को पता चला कि जगदीश अपहरणकर्ताओं के चंगुल में हैं। बदमाशों ने अपनी मांग को जगदीश के परिजन तक पहुंचाने के लिए उनके चाचा से फिरौती मांगी है। मंगलवार तक तीन थानों की पुलिस जगदीश बघेल की गुमशुदगी को लेकर ज्यादा सक्रिय नहीं थी। बुधवार को दिमनी पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण के अपराध में तब्दील कर दिया है।
भाई के अपहरण के सदमें में और दो भाइयों ने दम तोड़ा………..
जगदीश बघेल के अगवा होने की बात सुनकर सोमवार को ही उनके बड़े भाई श्रीराम बघेल (60) ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिवार में मातम पसर गया। बुधवार को जगदीश के चचेरे भाई महावीर सिंह (50) को चिंता के चलते हार्टअटैक हुआ और दोपहर 12.30 बजे वे भी चल बसे। एक ओर जगदीश का अपहरण और दो मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
