बता दें कि हाथरस में छेड़खानी के आरोपी के लड़की के पिता की हत्या करने के मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सीएम ने अधिकारियों को मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करने और इस मामले में सभी आरोपियों पर NSA लगाने के भी आदेश दिए थे। आरोपी के खिलाफ पिता ने बेटी को छेड़ने की शिकायत की थी जिसके बाद इन आरोपियों ने मिलकर पिता को ही गोलियों से भून डाला था।
हाथरस/उत्तरप्रदेश।
उत्तर प्रदेश के हाथरस (Hathras) में बीते 1 मार्च को हुए चर्चित किसान हत्याकांड का मुख्य आरोपी गौरव शर्मा (Gaurav Sharma) को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया। किसान अमरीश शर्मा की हत्या के बाद आरोपी गौरव शर्मा फरार था। पुलिस ने गौरव शर्मा पर एक लाख रुपये का इनामी घोषित कर रखा था। पुलिस के मुताबिक गौरव शर्मा अपने साथी के साथ मुठभेड़ में धरा गया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गौरव शर्मा के उसके पैरों में गोली लगी है। वहीं 40 हजार रुपये का ईनामी उसका साथी भी पुलिस ने दबोच लिया। एसपी विनीत जायसवाल ने गौरव शर्मा को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है।
क्या था पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,हाथरस के सासनी के गांव नौजरपुर में 1 मार्च को खेत पर आलू की खोदाई करा रहे किसान अमरीश शर्मा को हमलावरों ने गोलियों से भून दिया था। अमरीश शर्मा के परिवार की युवती ने आरोपित गौरव निवासी, गांव सौंगरा, थाना जवां अलीगढ़ पर जुलाई 2018 में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था।इसी मुकदमे की वापसी का दबाव बनाते हुए किसान की हत्या की गई थी। मृतक की बेटी ने गौरव शर्मा, ललित शर्मा, रोहिताश और निखिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी गौरव शर्मा की तलाश के लिए चार टीमें लगी हुई थीं। किसान की हत्या के बाद उनकी बेटी का मार्मिक वीडियो वायरल होने पर यह हत्याकांड देशभर में चर्चाओं में आ गया था। गौरव पर एडीजी राजीव कृष्णा ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रासुका लगाने के आदेश दिए थे।
इनका कहना
हाथरस के SP विनीत जायसवाल थाना सासनी पुलिस और SOG से मुठभेड़ में एक 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश गौरव शर्मा गोली लगने से घायल हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 1 मार्च को ग्राम नौजरपुर में गौरव शर्मा और उसके साथियों ने अम्बरीश शर्मा नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
SP विनीत जायसवाल ने बताया कि, इसके कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।गौरव शर्मा के साथी सोनू तोमर को भी गोली लगी है। जो मध्यप्रदेश के मुरैना और ग्वालियर जिलों से हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। उसे भी गिरफ्तार किया गया है इन दोनो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बहुचर्चित पंकज सिकरवार हत्याकांड:40 हजार का इनामी सोनू तोमर को हाथरस में शॉर्ट एनकाउंटर में दबोचा

ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
जिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एमपी पुलिस राह ताकती रही उस शार्प शूटर को दबोचने में उत्तरप्रदेश पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, शहर के बहुचर्चित प्रॉपर्टी कारोबारी पंकज सिकरवार हत्याकांड में नामजद 40 हजार के इनामी बदमाश सोनू तोमर व उसके साथी गौरव शर्मा को उत्तर प्रदेश पुलिस ने मंगलवार की रात शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ हाथरस के सासनी-इगलस रोड पर तोछीगढ़ के पास हुई है। गौरव शर्मा की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश से एक लाख का इनाम घोषित था। पुलिस की गोली लगने से घायल दोनों बदमाशों को हाथरस के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। छेड़छाड़ के मामले में राजीनामा नहीं करने पर युवती के पिता की हत्या करने का मामला सुर्खियों में रहा था। किसान की हत्या में परमाल तोमर गैंग का शूटर सोनू तोमर भी शामिल था।
सोनू तोमर को 20 माह से तलाश रही थी एमपी पुलिस
यूपी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पकड़े गए सोनू तोमर निवासी चिंते का पुरा जिला मुरैना को ग्वालियर पुलिस 20 माह से तलाश रही थी। गैंगस्टर परमाल सिंह तोमर गैंग के शूटर सोनू तोमर ने 2019 में प्रापर्टी कारोबारी पंकज सिकरवार की वैष्णोपुरम के पास घेरकर गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। आईजी ने सोनू की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस तरह ग्वालियर में उस पर 30 हजार रुपये ओर मुरैना में 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
आरोपित के यूपी, राजस्थान व दिल्ली में फरारी काटने की सूचना थी। पंकज सिकरवार हत्याकांड में अब भी तीन आरोपित फरार है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह यूपी पुलिस राजस्थान के धौलपुर से एक लाख के इनामी गौरव शर्मा के साथ सोनू तोमर को भी पकड़कर ले गई थी। किसान की हत्या को लेकर यूपी पुलिस पर काफी दबाव था।
